नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): DELHI की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक सरल, प्रभावी और भरोसेमंद बनाने पर जोर दिया है। शुक्रवार को राज्य महिला आयोग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने आयोग को ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं व बालिकाओं से जुड़े मामलों में जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
साइबर अपराध को लेकर छात्राओं को जागरूक करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आयोग से कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने की सलाह दी।
अभियान के दौरान छात्राओं को ऑनलाइन उत्पीड़न, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर ठगी और अन्य डिजिटल अपराधों से बचने के उपाय बताए जाने के साथ किसी घटना की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।
पॉक्सो कानून की जानकारी को लेकर अभियान
रेखा गुप्ता ने कहा कि बालिकाओं को अपने अधिकारों और यौन अपराधों से सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में पॉक्सो अधिनियम को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और बालिकाओं को शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध सहायता एवं शिकायत तंत्र के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए।
पात्र किशोरियों तक HPV टीकाकरण पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV टीकाकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई।
उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की पात्र किशोरियों तक निःशुल्क HPV टीकाकरण की जानकारी और सुविधा पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बढ़ाने और जरूरतमंद परिवारों तक सही जानकारी पहुंचाने की सलाह दी गई।
ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण में तेजी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने महिला आयोग की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा, मानव तस्करी, यौन शोषण और उत्पीड़न जैसी शिकायतों के लिए महिलाओं को ऐसी व्यवस्था मिलनी चाहिए, जिसमें वे आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
साथ ही, शिकायत दर्ज होने के बाद उसके निस्तारण की स्थिति की जानकारी भी महिला को समय-समय पर मिलती रहे। उन्होंने आयोग की कार्यप्रणाली को महिलाओं की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बनाने और शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता व तत्परता सुनिश्चित करने की सलाह दी।
वन स्टॉप सेंटर और महिला आश्रय गृहों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने संकट में फंसी महिलाओं को सहायता देने वाले वन स्टॉप सेंटर (सखी) और सरकार तथा गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा संचालित महिला आश्रय एवं देखभाल संस्थानों का निरीक्षण करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में रहने वाली महिलाओं को सुरक्षित वातावरण के साथ चिकित्सा, परामर्श, कानूनी सहायता और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं प्रभावी ढंग से मिलनी चाहिए।
जागरूकता से शिकायत निवारण तक आयोग की सक्रिय भूमिका
रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए। जागरूकता, रोकथाम, सहायता और शिकायत निवारण—हर स्तर पर महिला आयोग की सक्रिय भूमिका दिखाई देनी चाहिए।

