नोएडा, वायरल सच (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश में ग्रीन मोबिलिटी और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में Noida E-Bus सेवा लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। सितंबर के शुरुआती 13 दिनों में 100 ई-बसों ने करीब 2.96 लाख किलोमीटर का सफर तय करते हुए 1.99 लाख से अधिक यात्रियों को सेवा दी। इस दौरान डिपो ने 61.75 लाख रुपये से अधिक राजस्व अर्जित किया।
सितंबर में ई-बसों का प्रदर्शन अगस्त से बेहतर
Noida E-Bus डिपो के आंकड़ों के अनुसार सितंबर में प्रति बस प्रतिदिन परिचालन, यात्री संख्या और आय के मामले में अगस्त की तुलना में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
अगस्त में प्रति बस प्रतिदिन औसत परिचालन 190.21 किलोमीटर था, जो सितंबर के पहले 13 दिनों में बढ़कर 227.78 किलोमीटर हो गया। इसी तरह प्रति बस प्रतिदिन यात्रियों की औसत संख्या 109.79 से बढ़कर 153.68 हो गई।
आय के लिहाज से भी प्रति बस प्रतिदिन औसत कमाई 3,414.86 रुपये से बढ़कर 4,750.20 रुपये पहुंच गई। वहीं प्रति किलोमीटर आय 17.95 रुपये से बढ़कर 20.85 रुपये दर्ज की गई।
जून से सितंबर तक 7.18 लाख यात्रियों ने की ई-बसों में यात्रा
Noida E-Bus का नियमित संचालन शुरू होने के बाद 20 जून से 13 सितंबर 2026 तक तीनों प्राधिकरणों से जुड़ी ई-बसों ने कुल 15.12 लाख किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की।
इस अवधि में 7.18 लाख से अधिक यात्रियों ने ई-बस सेवा का इस्तेमाल किया और इससे 2.24 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ।
अलग-अलग महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 20 से 30 जून के बीच 100 ई-बसों ने 1.47 लाख किलोमीटर का परिचालन किया और 28,053 यात्रियों को सेवा दी। इस दौरान 9.07 लाख रुपये की आय हुई।
जुलाई में परिचालन बढ़कर 4.79 लाख किलोमीटर हो गया और 1.50 लाख यात्रियों ने सफर किया। इस महीने राजस्व 47.93 लाख रुपये रहा। अगस्त में बसों ने 5.89 लाख किलोमीटर की दूरी तय की और 3.40 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करते हुए 1.05 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की।
जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जून 2026 में Noida E-Bus डिपो का उद्घाटन कर ई-बसों को हरी झंडी दिखाई थी। सरकार का उद्देश्य नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में स्वच्छ एवं आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है।
ग्रीन मोबिलिटी योजना के तहत जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते संचालन को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
24 घंटे लाइव निगरानी के लिए बनेगा कमांड सेंटर
यूपीएसआरटीसी मुख्यालय, लखनऊ के मुताबिक नोएडा में तीनों प्राधिकरणों से संचालित इलेक्ट्रिक बसों के लिए एक कमांड सेंटर स्थापित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रस्तावित कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित होगा और यहां से ई-बसों की लाइव मॉनिटरिंग की जा सकेगी। इससे बसों के रूट, संचालन और सेवाओं पर लगातार नजर रखने में मदद मिलेगी तथा यात्रियों को अधिक व्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

