Gurugram, वायरल सच (ब्यूरो): साइबर सिटी गुरुग्राम से सटे सोहना शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना Flyover को मंजूरी मिल गई है। सोहना में 341 करोड़ रुपये की लागत से करीब पौने तीन किलोमीटर लंबा Flyover बनाया जाएगा। सोहना-गुरुग्राम एलिवेटेड राष्ट्रीय राजमार्ग-248ए पर प्रस्तावित इस परियोजना को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) से स्वीकृति मिल गई है। इससे सोहना के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
चुंगी नंबर-1 से हर्बल पार्क तक बनेगा फ्लाईओवर
प्रस्तावित Flyover का निर्माण सोहना शहर के चुंगी नंबर-1 से शुरू होकर नूंह जिले की सीमा पर स्थित हर्बल पार्क तक किया जाएगा। करीब 2.75 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 341 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग की ओर से केंद्र सरकार से मंजूरी प्राप्त करने के बाद परियोजना का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा गया था। अब मंत्रालय की स्वीकृति मिलने से निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख मार्गों तक आसान पहुंच
यह परियोजना केवल शहर के अंदर लगने वाले जाम को कम करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्र की भविष्य की परिवहन जरूरतों को भी पूरा करने में मदद करेगी। फ्लाईओवर बनने से दिल्ली-मुंबई-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-गुरुग्राम-अलवर हाईवे और मानेसर-कुंडली राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
इससे व्यापारिक गतिविधियों, औद्योगिक विकास और आसपास के गांवों से शहर आने-जाने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।
शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम से मिलेगी राहत
सोहना में दमदमा मोड़, चिल्ड प्वाइंट, बस स्टैंड से अंबेडकर चौक तक प्रतिदिन यातायात का दबाव बना रहता है। इसके अलावा अनाज मंडी से अस्पताल होते हुए फव्वारा चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में आधे घंटे तक लग जाते हैं।
इस समस्या से स्थानीय निवासियों के साथ आसपास के गांवों से आने वाले लोगों और व्यापारियों को भी परेशानी होती है। शहर के व्यापारी दीपक गर्ग, रोहतास जैन, विकास गुप्ता, महेश अग्रवाल और रोहतास सिंगला का कहना है कि कई बार गुरुग्राम से सोहना पहुंचने में जितना समय लगता है, उतना ही समय शहर के अंदर दमदमा मोड़ से चिल्ड प्वाइंट और अनाज मंडी से फव्वारा चौक तक पहुंचने में लग जाता है।
व्यापारी दीपक गर्ग ने बताया कि दमदमा मोड़ पर लगने वाला जाम उनके शोरूम तक पहुंच जाता है। Flyover बनने से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
सोहना को विकास की नई धुरी से जोड़ेगा फ्लाईओवर
सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि यह Flyover शहर को विकास की नई धुरी से जोड़ने का काम करेगा। इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी और व्यापारियों के कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। आवागमन सुगम होने से शहर में विकास के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी देने के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार का आभार जताया।
