गुरुग्राम में पहली इलेक्ट्रिक एसी सिटी बस का ट्रायल शुरू, UPI और Loop Card से मिलेगी टिकट सुविधा

गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने अपनी पहली वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बस का संचालन शुरू कर दिया है। इस बस का तीन दिवसीय ट्रायल शहर के विभिन्न रूटों पर किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने के बाद इसे नियमित रूप से यात्रियों के लिए संचालित किया जाएगा।

इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई इंप्रूव्ड Loop Card सेवा शुरू की गई है। वहीं अब सभी गुरुगमन बसों में UPI के माध्यम से टिकट भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है, जिससे यात्रियों को नकदी रखने की आवश्यकता नहीं होगी।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बताया कि पहली इलेक्ट्रिक बस का संचालन गुरुग्राम के सार्वजनिक परिवहन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह पहल शहर में स्वच्छ, स्मार्ट और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देगी तथा भविष्य में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाएगी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल 25 सीटों वाली वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस को बेड़े में शामिल किया गया है। आने वाले समय में 24 और इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी जाएंगी, जबकि चरणबद्ध तरीके से कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त यात्रा का लाभ मिलेगा।

Loop Card पर मिलेगा किराये में लाभ

यात्रियों के लिए शुरू किए गए नए Loop Card को ट्रायल आधार पर उपलब्ध कराया गया है। कार्ड प्राप्त करने के लिए पहली बार 100 रुपये जमा करने होंगे, जो पूरी तरह कार्ड के बैलेंस के रूप में उपलब्ध रहेंगे। इस कार्ड से टिकट लेने पर यात्रियों को 2 प्रतिशत किराया छूट मिलेगी। साथ ही कार्ड को ऑनलाइन रिचार्ज करने की सुविधा भी दी गई है।

मौजूदा स्मार्ट कार्ड धारकों के पुराने कार्ड का शेष बैलेंस नए Loop Card में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। यह कार्ड फिलहाल बस परिचालकों के अलावा इफको चौक मेट्रो स्टेशन, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-52 बस डिपो, सेक्टर-10 बस डिपो, डूंडाहेड़ा बस स्टॉप और हीरो होंडा चौक बस स्टॉप से भी प्राप्त किया जा सकता है।

सभी बसों में UPI से टिकट भुगतान

डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देते हुए जीएमसीबीएल ने सभी गुरुगमन बसों में स्मार्ट पीओएस मशीनों के माध्यम से UPI आधारित टिकट भुगतान की सुविधा शुरू कर दी है। अब यात्री किसी भी UPI ऐप से बस में चढ़ने के बाद तुरंत किराया जमा कर सकेंगे। वर्तमान में लगभग 28 प्रतिशत किराया डिजिटल माध्यम से प्राप्त हो रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों, स्मार्ट टिकटिंग और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं से गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और यात्री-केंद्रित बनाया जाएगा। इससे अधिक से अधिक लोग निजी वाहनों के बजाय सिटी बस सेवा का उपयोग करने के लिए प्रेरित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles