सिरसा, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में आमजन की शिकायतों की सुनवाई की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर सख्त रुख अपनाते हुए बिजली निगम के एक एसडीओ तथा रानियां थाना के एक एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कुल 19 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव के तहत आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भाग लेते हुए चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वीटा दुग्ध संघ द्वारा स्थापित 20 हजार लीटर क्षमता वाले दुग्ध शीतकरण केंद्र का लोकार्पण किया। साथ ही नागरिक अस्पताल, सिरसा परिसर में स्थापित इंटीग्रेटेड ड्रग रिकवरी सेंटर का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र नशा मुक्ति अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ युवाओं को बेहतर उपचार और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
