फतेहाबाद में कांग्रेस का प्रदर्शन: दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में लघु सचिवालय पर नारेबाजी, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी फतेहाबाद ने लघु सचिवालय पर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्द शर्मा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, पूर्व सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लांखेड़ा, कृष्णा पूनियां सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर छात्र और युवा अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि परीक्षा और शिक्षा प्रणाली की विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस लेकर दमनात्मक कार्रवाई तत्काल रोकी जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles