Gurugram की 1,175 निर्माण साइटों पर 11 पर कैमरे चालू
नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में निर्माण एवं विध्वंस स्थलों की निगरानी व्यवस्था में गंभीर खामियां सामने आने पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) को कड़ी फटकार लगाई है। इनमें गुरुग्राम के उत्तर और दक्षिण क्षेत्रों की कुल 1,175 पंजीकृत निर्माण साइटें शामिल हैं।
इस मामले को लेकर 8 सितंबर को सीएक्यूएम अध्यक्ष राजेश वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
1,175 गुरुग्राम साइटों की जांच, ज्यादातर कैमरे बंद
सीएक्यूएम के मुताबिक, उसके वैधानिक निर्देश संख्या 11-18 के तहत 500 वर्गमीटर या उससे अधिक क्षेत्रफल वाली सभी निर्माण एवं विध्वंस परियोजनाओं का पंजीकरण जरूरी है। साथ ही धूल नियंत्रण उपायों की दूरस्थ निगरानी के लिए कार्यशील वीडियो मॉनिटरिंग सिस्टम को राज्य के वेब पोर्टल से जोड़ना अनिवार्य है।
आयोग वर्ष 2024 से एचएसपीसीबी के वेब पोर्टल के जरिए निर्माण स्थलों की दूरस्थ निगरानी कर रहा है। इस दौरान वेब कैमरों के अधूरे लिंक, गलत यूजर आईडी एवं पासवर्ड, मोबाइल ऐप डाउनलोड कराने वाले लिंक, खराब वेब लिंक और कैमरों के लंबे समय तक ऑफलाइन रहने जैसी गंभीर कमियां सामने आईं।
गुरुग्राम में सिर्फ 11 साइटों पर कैमरे चालू मिले
19 से 22 जून 2026 के बीच सीएक्यूएम ने पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और गुरुग्राम के पंजीकृत निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में:
- पानीपत: 213 साइट
- सोनीपत: 457 साइट
- फरीदाबाद: 168 साइट
- गुरुग्राम उत्तर: 691 साइट
- गुरुग्राम दक्षिण: 484 साइट
गुरुग्राम उत्तर की 691 साइटों में केवल 6 स्थानों पर और गुरुग्राम दक्षिण की 484 साइटों में सिर्फ 5 स्थानों पर वेब कैमरे कार्यशील पाए गए। फरीदाबाद में केवल 4 साइटों पर कैमरे चालू मिले।
आयोग ने निरीक्षण रिपोर्ट 8 जुलाई 2026 को एचएसपीसीबी को भेजी थी।
पहले भी दी गई थी सुधार की सलाह
सीएक्यूएम ने इससे पहले एचएसपीसीबी को पोर्टल की प्रभावी निगरानी के लिए समर्पित टीम तैनात करने की सलाह दी थी। हालांकि, आयोग के अनुसार न तो ऐसी टीम बनाई गई और न ही स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार हुआ।
लगातार सामने आ रही लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने इसे अपने वैधानिक निर्देशों की जानबूझकर की गई अवहेलना माना। समीक्षा बैठक में एचएसपीसीबी से विस्तृत जवाब और अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई। बोर्ड ने अब तक उठाए गए कदमों और अनुपालन की स्थिति की जानकारी आयोग को दी।
नियम तोड़ने वाली साइटों को बंद करने के निर्देश
सीएक्यूएम ने एचएसपीसीबी को सभी आदेशों और वैधानिक निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। आयोग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माण स्थलों को बंद करने तथा दूरस्थ निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह कार्यशील बनाने के निर्देश दिए।
संबंधित अधिकारियों को निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ सभी निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण उपायों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सीएक्यूएम ने दोहराया कि एनसीआर में वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए उसके वैधानिक निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है।


