India Public Health Achievements: WHO ने भारत को दिए दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में किए गए प्रयासों को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय समिति के 79वें सत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भारत की ओर से विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय क्षेत्र में दिए जाने वाले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किए।
मातृ एवं नवजात टिटनेस उन्मूलन के लिए सम्मान
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद जेपी नड्डा ने एक्स पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि भारत को पिछले एक दशक से मातृ एवं नवजात टिटनेस के उन्मूलन को बनाए रखने और प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के माध्यम से गैर-संचारी रोगों से प्रभावी तरीके से निपटने में नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ाई है।
उन्होंने कहा कि देश में संक्रामक और गैर-संचारी दोनों तरह की बीमारियों से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
