गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम के सेक्टर-106 बाबुपुर में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (C&D) वेस्ट प्रोसेसिंग फैसिलिटी और डंप साइट के विरोध में स्थानीय लोगों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को गोदरेज मेरिडियन और आसपास की सोसाइटियों के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी व बड़ी संख्या में निवासी राजेंद्रा पार्क थाने पहुंचे और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत सौंपी।
रेजिडेंट्स का आरोप है कि प्रस्तावित डंप साइट नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के आदेशों का उल्लंघन करती है और यह कोर्ट की अवमानना का मामला बनता है। उनका कहना है कि इस मामले की सुनवाई 10 सितंबर 2026 को एनजीटी में निर्धारित है, इसलिए अंतिम निर्णय आने तक साइट पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाना चाहिए।
शिकायत में दावा किया गया है कि हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) की पूर्व अनुमति के बिना नगर निगम ने डंप साइट के लिए टेंडर जारी कर दिया। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी के बयान का हवाला देते हुए कहा गया कि विभाग को इस परियोजना की जानकारी तक नहीं थी, जिससे आवश्यक पर्यावरणीय और वैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बी. सरीन ने शिकायत में NGT एक्ट, 2010 की धारा-26 का उल्लेख करते हुए कहा कि एनजीटी के आदेशों की अवहेलना करने पर तीन वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना के लिए क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई भी की जा रही है और इसके फोटो व अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे गए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र के समीप डंप साइट बनने से धूल, वायु प्रदूषण और पर्यावरणीय खतरे बढ़ेंगे, जिससे हजारों परिवारों का स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि परियोजना पर तत्काल रोक लगाई जाए, अवैध पेड़ कटाई बंद कराई जाए तथा नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
