जयपुर से एक आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार रुपये लेकर फर्म के नाम पर खुलवाया था बैंक खाता
गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): गुरुग्राम पुलिस की थाना साइबर अपराध पश्चिम टीम ने निवेश के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी के मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि 26 जून 2024 को एक पीड़ित ने थाना साइबर अपराध पश्चिम में शिकायत दर्ज कराई थी कि निवेश के नाम पर उससे ₹53.63 लाख की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना साइबर अपराध पश्चिम की टीम ने सहायक उप-निरीक्षक दीपांकर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 27 जुलाई 2026 को जयपुर से आरोपी सोनू शेखावत (29) निवासी जिला झुंझुनू, राजस्थान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ठगी गई राशि का एक हिस्सा आरोपी सोनू शेखावत के नाम से संचालित एक फर्म के बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने 30 हजार रुपये लेकर यह बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया था। इसी खाते के माध्यम से ठगी की रकम को विभिन्न खातों में स्थानांतरित किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और साइबर गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी है।
