नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): Delhi में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मुनक नहर पर प्रेमबाड़ी पुल के समीप चल रहे सफाई, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और भव्य छठ घाट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
छठ महापर्व से पहले पूरी होगी तैयारी
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व शुरू होने से पहले मुनक नहर को पूरी तरह स्वच्छ, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया जाना चाहिए।
मुनक नहर के बदलते स्वरूप पर मुख्यमंत्री का जोर
रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर का स्वरूप अब बदल रहा है। उन्होंने इसे आस्था, बेहतर व्यवस्था और विकास से जोड़ते हुए कहा कि जो नहर पहले उपेक्षा की तस्वीर दिखाई देती थी, वही अब आस्था और विकास के नए स्वरूप में नजर आ रही है।
मुख्यमंत्री ने इसे सरकार के ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प से जोड़ा।
