Delhi Seva Sankalp Abhiyan: ₹13,820 करोड़ की परियोजनाएं

Delhi, वायरल सच (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर Delhi में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान दिल्ली सरकार के सभी विभाग जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस दौरान करीब ₹13,820 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

17 सितंबर को मेगा रक्तदान शिविर

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को विशेष मेगा रक्तदान शिविर से होगी। स्वास्थ्य विभाग ने एक दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा है।

इसके साथ समाज कल्याण और स्वास्थ्य विभाग मिलकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाएंगे। करीब 25,000 बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

श्रमिकों के पंजीकरण और स्वास्थ्य जांच पर जोर

श्रम विभाग के माध्यम से Delhi में काम करने वाले श्रमिकों और निर्माण श्रमिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान उनका पंजीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा।

सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी सुविधाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए पंजीकरण को महत्वपूर्ण बताया गया है।

अंगदान के लिए शुरू होगा नया मंच

मुख्यमंत्री ने बताया कि Delhi में अंगदान को प्रोत्साहित करने के लिए State Organ and Tissue Transplant Organisation नाम से आधिकारिक मंच तैयार किया गया है। यह व्यवस्था केंद्र सरकार की प्रणाली के अनुरूप विकसित की गई है और सेवा संकल्प अभियान के दौरान इसका शुभारंभ किया जाएगा।

यमुना से जुड़ी ₹8 हजार करोड़ की परियोजनाएं

शहरी विकास विभाग और दिल्ली नगर निगम के सहयोग से हर वार्ड और विधानसभा क्षेत्र समेत विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार, यमुना की सफाई से संबंधित लगभग ₹8,000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी अभियान के दौरान किया जाएगा।

70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

पर्यावरण विभाग के ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली’ लक्ष्य के तहत राजधानी में 70 लाख पेड़-पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के दौरान प्रत्येक वार्ड में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

5 लाख विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’

मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और रील बनाने जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। सरकार का लक्ष्य Delhi के करीब 5,000 स्कूलों के 5 लाख विद्यार्थियों को इन गतिविधियों से जोड़ना है।

आशीर्वाद का दीया’ से लेकर लाभार्थियों की कहानियों तक

17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थी अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देंगे।

वहीं ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ के जरिए उन लाभार्थियों की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है। इन अनुभवों को वीडियो और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

10,897 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं का सम्मान

Delhi में 10,897 आंगनबाड़ी केंद्रों में करीब 21,350 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्यरत हैं। अभियान के दौरान सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों में तीन-तीन दिन के विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और दिल्ली सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारी और सेवाएं लोगों को उपलब्ध कराई जाएंगी।

युवाओं को मिलेगा इनोवेशन का मंच

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में रंगोली और मंडला कला से जुड़े आयोजन होंगे। वहीं देशभर में ‘इनोवेशन चैलेंज’ के लिए पांच केंद्र बनाए जाएंगे, जिसमें Delhi को भी एक केंद्र मिला है।

Delhi में आसपास के राज्यों के युवाओं को भी इससे जोड़ने की योजना है। युवाओं के नवाचार और नए विचारों को मंच देकर उन्हें जनता के सामने प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।

‘सुशासन सेवा संवाद’ से जनता तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

अभियान के दौरान ‘सुशासन सेवा संवाद’ भी आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए Delhi  सरकार के विभिन्न विभागों की जनहितकारी योजनाओं और सुशासन से जुड़ी पहलों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles