गुरुग्राम: वेयर हाउस से छह लाख के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी

गुरुग्राम, वायरल सच (हि.स.): थाना सदर और अपराध शाखा सेक्टर-39 की संयुक्त कार्रवाई में यूआर लॉजिस्टिक कंपनी से महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी और गबन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने कंपनी के डिलीवरी बॉय सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मार्शल स्पीकर भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 20 जुलाई 2026 को यूआर लॉजिस्टिक कंपनी के अधिकारी ने थाना सदर में शिकायत दी थी।

शिकायत के अनुसार कंपनी ने साहिल अल्वी को 26 जून 2026 को डिलीवरी एसोसिएट के तौर पर नियुक्त किया था। उसका काम कंपनी से सामान लेकर डिलीवर करना था। 12 जुलाई 2026 को ऑडिट के दौरान पता चला कि ग्राहकों द्वारा रिटर्न किए गए कई पार्सलों में मूल सामान गायब था। उसकी जगह सस्ता सामान रख दिया गया था। जांच में सामने आया कि सभी संदिग्ध डिलीवरी और रिटर्न साहिल अल्वी की आईडी से ही किए गए थे। गायब सामान की कुल कीमत लगभग छह लाख आंकी गई है। शिकायत पर थाना सदर में मामला दर्ज किया गया। अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मोहम्मद साहिल अल्वी निवासी गाजियाबाद, चांद निवासी गाजियाबाद, विकास निवासी संत नगर बुराड़ी दिल्ली, गुरप्रीत उर्फ जोरावर नगर दिल्ली शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी साहिल अल्वी ने अपने साथियों चांद और विकास के साथ मिलकर डिलीवरी के दौरान पार्सल से महंगा सामान निकाल लिया। उसकी जगह दूसरा सामान रखकर पार्सल रिटर्न दिखा दिया जाता था। निकाला गया महंगा सामान आरोपी गुरप्रीत उर्फ जोरावर को बेच दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मार्शल स्पीकर बरामद किए हैं। बाकी सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। आरोपी साहिल अल्वी को दो दिन और आरोपी चांद व विकास को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान बाकी चोरी किए गए सामान और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles