Khelo Mewat 2.0: खेलो मेवात की तैयारियां तेज, 16 से 18 सितंबर तक होंगी प्रतियोगिताएं

Khelo Mewat 2.0

नूंह, वायरल सच (ब्यूरो): खेलो मेवात 2.0 के सफल और भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त अखिल पिलानी ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों और कर्मचारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि आयोजन की सफलता के लिए सभी अधिकारी और प्रशिक्षक अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता, तत्परता और निष्ठा के साथ पूरा करें।

Khelo Mewat 2.016 से 18 सितंबर तक होंगी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं

अखिल पिलानी ने बताया कि नूंह में 16 से 18 सितंबर तक राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद खेलो मेवात 2.0 के मुकाबले शुरू होंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ऑफलाइन पंजीकरणों को 11 सितंबर तक वेबसाइट पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। पंजीकरण में किसी तरह की कमी या दस्तावेज से संबंधित त्रुटि सामने आने पर उसे तत्काल चिन्हित कर जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया।

उपायुक्त ने कोच और जिला खेल अधिकारी की टीम को पंजीकरण कार्य में लगे सभी ऑपरेटरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पूरे काम की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन एक ब्लॉक के ऑफलाइन पंजीकरण का काम पूरा किया जाए और हर दिन शाम को प्रगति रिपोर्ट संबंधित ग्रुप में साझा की जाए, जिससे कार्य की नियमित मॉनिटरिंग हो सके।

खेल मैदानों की सफाई और रखरखाव तत्काल शुरू करने के निर्देश

उपायुक्त ने जिले के सभी खेल मैदानों की साफ-सफाई और रखरखाव का कार्य तुरंत शुरू करने को कहा। साथ ही 18 सितंबर तक ब्लॉकवार सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी कोच और नर्सरी कोच अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।

भव्य और यादगार आयोजन बनाने पर जोर

अखिल पिलानी ने कहा कि खेलो मेवात 2.0 के आयोजन को लेकर लंबे समय से तैयारियां और विचार-विमर्श किया जा रहा है। अब सभी संबंधित अधिकारी और प्रशिक्षक आपसी समन्वय के साथ काम करें और इसे मेवात की जनता के लिए भव्य एवं यादगार खेल आयोजन बनाएं।

उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles