सिरसा, 17 जुलाई। सिरसा पुलिस ने पैसे डबल करने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना और हिस्ट्रीशीटर भूरा सिंह को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अब उससे नकली नोटों की सप्लाई चेन और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
एसपी दीपक सहारण ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी भूरा सिंह पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में नकली नोट सप्लाई करने, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों सहित करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह भोले-भाले लोगों को पैसे डबल करने का झांसा देकर नकली करेंसी थमा देता था और बदले में असली रकम लेकर फरार हो जाता था। इससे पहले पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को 50 हजार रुपये की नकली करेंसी, पुलिस की वर्दी और अन्य सामान सहित गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि राजस्थान के टिब्बी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये लेकर उसे 20 हजार रुपये की नकली करेंसी देकर ठगी की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि नकली नोटों की व्यवस्था भूरा सिंह करता था और वही गिरोह को फर्जी करेंसी उपलब्ध कराता था।
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से नकली नोटों के नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में गिरोह से जुड़ा कोई भी व्यक्ति सामने आने पर उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

