देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ का लाइव प्रसारण, लोगों ने देखा ऐतिहासिक पल
नूंह, वायरल सच (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा 14,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नूंह के शहीद हसन खां मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ के सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे। इस अवसर पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य बातें
- देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से रवाना किया।
- 14,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास।
- नूंह में लाइव प्रसारण देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
- हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
वेदपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और पर्यावरण संरक्षण के नए युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन स्वच्छ ऊर्जा, प्रदूषण नियंत्रण और हरित विकास की दिशा में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि यह एशिया की पहली और विश्व की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेन है, जिसमें लगभग 2,600 यात्री सफर कर सकते हैं। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच लगभग 90 किलोमीटर के मार्ग पर संचालित होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर विकास करना है और आज भारत सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में आधुनिक आधारभूत संरचना, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण को समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के सभी 22 जिलों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जहां लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साक्षी बने।

