मुंबई, वायरल सच (ब्यूरो): मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की वसई पुलिस ने प्रतिबंधित एम्बरग्रीस (व्हेल मछली की उल्टी) की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 करोड़ 7 लाख 12 हजार रुपये मूल्य की एम्बरग्रीस, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को सूचना मिली थी कि जी.जी. कॉलेज के पीछे दो युवक प्रतिबंधित एम्बरग्रीस बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उदित सातवसे (38) और कृष्णाकांत देसाई (34) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके बैग से 2 किलो 58 ग्राम एम्बरग्रीस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2 करोड़ 5 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नवघर बस डिपो क्षेत्र में छापेमारी कर विशाल ठाकरे (28), अकिल के. कृष्णा पीवी (28) और सुहाद टीपी मोईद्दीन कोया (32) को भी गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी केरल से प्रतिबंधित एम्बरग्रीस वसई लाए थे और इसे ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।
वसई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
एम्बरग्रीस स्पर्म व्हेल से जुड़ा अत्यंत दुर्लभ पदार्थ है, जिसका उपयोग महंगे इत्र और कुछ विशेष उत्पादों के निर्माण में किया जाता है। भारत में इसके व्यापार और तस्करी पर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत प्रतिबंध है, इसलिए इसकी बरामदगी को गंभीर वन्यजीव अपराध माना जाता है।
