गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप ग्राउंड में 14 अगस्त को आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और नगर निगम वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक बोधराज सीकरी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन लाखों परिवारों की पीड़ा, संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन की त्रासदी को झेला।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को विभाजन के दर्दनाक इतिहास से अवगत कराना और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता के प्रति जागरूक करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 14 अगस्त को सुबह 10 बजे महाराणा प्रताप ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम की सह संयोजक एवं पूर्व विधायक सीमा त्रिखा ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य इतिहास के उस अध्याय को याद करना है, जिसकी पीड़ा आज भी अनेक परिवारों की स्मृतियों में जीवित है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
गुरुग्राम जिला प्रभारी संदीप जोशी ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि विभाजन का इतिहास हमें यह सीख देता है कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द से बढ़कर कुछ भी नहीं है। उन्होंने विभाजन के दौरान असहनीय पीड़ा झेलने और अपना सर्वस्व खोने वाले लोगों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करने की बात कही।
कार्यक्रम के सह संयोजक जगदीश चोपड़ा ने कहा कि 14 अगस्त का कार्यक्रम केवल भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता वाला कार्यक्रम बने। इसके लिए व्यापक स्तर पर संपर्क और संवाद किया जाए।
बैठक में विधायक मुकेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, प्रदेश सचिव हरविंद कोहली, सह संयोजक एवं पूर्व प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, गुरुग्राम महानगर जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा तथा गुरुग्राम के पूर्व जिलाध्यक्ष तिलकराज मल्होत्रा सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा गुरुग्राम जिला महामंत्री मनीष सैदपुर ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
