गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): रक्तदान केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सेवा भाव को जगाने और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का पवित्र माध्यम है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को बोहड़ाकलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर के दादी प्रकाशमणि सभागार में कही। वे ब्रह्माकुमारीज संस्थान के समाज सेवा प्रभाग द्वारा आयोजित रक्तदान महा अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
नितिन नवीन ने कहा कि रक्तदान से व्यक्ति को आत्म-संतुष्टि मिलती है। इस अभियान से नई पीढ़ी का जुड़ना शुभ संकेत है। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए आह्वान किया कि युवा शक्ति को रक्तदान के साथ-साथ नशामुक्ति के संकल्प से भी जुड़ना चाहिए।
उन्होंने ब्रह्माकुमारीज संस्थान के सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ज्ञान जीवन को सही दिशा देता है। कठिन परिस्थितियों में मन को शांत रखकर बड़े लक्ष्यों को हासिल करने में संस्थान प्रेरक भूमिका निभा रहा है।
नितिन नवीन ने भारतीय संस्कृति और योग के वैश्विक प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की प्राचीन योग पद्धति आज सीमाओं को पार कर पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि योग आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर स्थापित होकर विश्वव्यापी जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।
रक्त के साथ मूल्यों का दान भी जरूरी: आशा दीदी
ओआरसी की निदेशिका आशा दीदी ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि रक्तदान के साथ समाज में नैतिक मूल्यों का दान करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक परिवर्तन राजयोग और अध्यात्म के माध्यम से संभव है। योग के निरंतर अभ्यास से व्यक्ति के मन और प्रवृत्तियों में सकारात्मक बदलाव आता है।
पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की स्मृति में आयोजित यह रक्तदान महा अभियान 21 से 25 अगस्त तक पूरे भारत के साथ-साथ नेपाल में भी आयोजित किया जाएगा। संस्थान के अनुसार वर्ष 2025 में अभियान के तहत रिकॉर्ड 88,500 यूनिट रक्त एकत्र किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान बीके चांद ने प्रेरणादायी थीम सॉन्ग प्रस्तुत किया। कलाकारों ने रक्तदान के महत्व पर आधारित नाटक का मंचन भी किया।
इस अवसर पर राजयोगिनी दिव्या प्रभा दीदी, ब्लड मैन ऑफ बिहार मुकेश हिसारिया, डॉ. मेघा और डॉ. प्रमोद कुमार ने भी अपने विचार रखे। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन बीके विधात्री और बीके सरिता ने किया। अंत में माउंट आबू से आए बीके वीरेंद्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
