गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): Gurugram Road Rage Case में लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में गिरफ्तार कल्याण बैंसला और लवनीश को लेकर सिया ने मंगलवार रात मीडिया से बातचीत की। सिया ने कल्याण के इंटरव्यू और उसके समर्थकों की सोशल मीडिया टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने यह सब फॉलोअर्स के लिए नहीं किया है।
‘2022 में चुनाव लड़ चुकी हूं, मुझे दिल्ली में सब जानते हैं’
Gurugram Road Rage Case में सिया ने कहा कि उन्होंने कल्याण का इंटरव्यू सुना, जिसमें उसके फॉलोअर्स की ओर से उन्हें “विक्टिम कार्ड” खेलने और फॉलोअर्स के लिए यह सब करने जैसी बातें कही जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि वह पढ़ी-लिखी हैं और इसके बावजूद उनसे पूछा जा रहा है कि उन्हें जानता कौन है। सिया ने बताया कि 2022 में उन्होंने दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम चुनाव लड़ा था और वह उस समय सबसे युवा उम्मीदवार थीं।
सिया के मुताबिक, घटना के बाद वह अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करना चाहती थीं, लेकिन अब उनकी पहचान सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि वह अपनी बात के लिए मजबूती से खड़ी रहेंगी और सोशल मीडिया पर कल्याण के समर्थकों की टिप्पणियों से उन्हें फर्क नहीं पड़ता।
कोर्ट में दर्ज कराया बयान, सख्त कार्रवाई की मांग
सिया ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए और घटना के दौरान उनके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी दी। उनका कहना है कि उन्हें जिस तरह टक्कर मारी गई, उसमें उनकी जान भी जा सकती थी।
उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर आरोपियों को कुछ दिन बाद जमानत मिल जाती है तो इसे सख्त कार्रवाई नहीं माना जा सकता। सिया ने कार में मौजूद अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
MRI और एक्स-रे कराने की सलाह
सिया ने बताया कि हादसे में उन्हें चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उन्हें MRI और एक्स-रे कराने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस ने पीछा करने और अश्लील इशारे की धाराएं जोड़ीं
DCP ईस्ट संदीप कुमार के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय लवनीश कार में कल्याण बैंसला के साथ मौजूद था।
शिकायतकर्ता की ओर से कार से कमेंट किए जाने की बात बताए जाने के बाद केस में BNS की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 79 (अश्लील इशारे करना) भी जोड़ी गई हैं। इसके अलावा मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109 BNS भी लगाई गई है।
भागने की कोशिश में कल्याण के हाथ में लगी चोट
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद कल्याण अपने घर पर था। उसका वीडियो वायरल होने के बाद उसने मीडिया को इंटरव्यू दिया। पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद उसने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई।
पुलिस ने कल्याण बैंसला और लवनीश को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, सिया ने सुरक्षा गियर पहना हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई।

