Home Haryana फतेहाबाद में नशा तस्करों ने पुलिस पर चढ़ाई कार, पीछा कर दबोचे...

फतेहाबाद में नशा तस्करों ने पुलिस पर चढ़ाई कार, पीछा कर दबोचे गए, 12.13 ग्राम हेरोइन बरामद

0

फतेहाबाद में नशा तस्करों ने पुलिस टीम पर चढ़ाई कार, पीछा कर दोनों आरोपी गिरफ्तार

फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): फतेहाबाद के गांव माजरा के पास चेकिंग के दौरान नशा तस्करों ने पुलिस टीम पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने फुर्ती दिखाते हुए छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने नाके पर खड़ी सरकारी पुलिस गाड़ी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए।

सीआईए फतेहाबाद की टीम ने तत्काल पीछा कर गांव माजरा बस अड्डे के पास दोनों आरोपियों को कार सहित गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान होंडा सिटी कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 12.13 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

सीआईए प्रभारी निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध होंडा सिटी कार में दो युवकों के आने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर गांव माजरा के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मी को कुचलने की नीयत से वाहन उसकी ओर मोड़ दिया। सिपाही ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी सरकारी वाहन को टक्कर मारकर भाग निकले।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू पुत्र गुरमुख सिंह निवासी गुरूनानकपुरा, फतेहाबाद तथा सुल्तान निवासी खेमा खाती चौक, फतेहाबाद (मूल निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद हेरोइन और वारदात में प्रयुक्त होंडा सिटी कार को जब्त कर लिया है। थाना सदर फतेहाबाद में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने तथा मादक पदार्थ रखने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version