Home Haryana फरीदाबाद में प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे...

फरीदाबाद में प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

0

फरीदाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेंट्रल ने प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। दोनों आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करते हैं और अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बताया कि भारत कॉलोनी निवासी अमरेश पाठक, जो प्रॉपर्टी डीलर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26-27 जुलाई की रात वह अपनी कार से जा रहे थे। खड्डा कॉलोनी के पास कार रोककर नीचे उतरते ही तीन युवकों ने उन्हें जबरन कार की पिछली सीट पर बैठा लिया।

आरोपियों ने उनसे 4,600 रुपये नकद, एक सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन-14, दो डेबिट कार्ड और हाथ की घड़ी लूट ली। इसके बाद बदमाश उन्हें उनकी ही कार सहित थाना भूपानी क्षेत्र के गांव टिकावली के पास छोड़कर फरार हो गए और कार की चाबी भी साथ ले गए।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हेमंत उर्फ अन्नू (24) और राजा (18) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version