गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): जैन इंटरनेशनल ट्रेडर्स ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) की ओर से सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में आयोजित ‘उड़ान 2.0’ बी2सी ट्रेड फेयर का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। “बिगेस्ट लाइफस्टाइल एग्जीबिशन ऑफ गुरुग्राम” के नाम से आयोजित इस दो दिवसीय ट्रेड फेयर का उद्घाटन डीसीपी मुख्यालय अंशुल सिंगला जैन ने किया। उद्घाटन के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शनी का रुख किया और महिला उद्यमियों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की।
ट्रेड फेयर में देशभर से आई महिला उद्यमियों ने अपने-अपने विशेष उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। इनमें हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुएं, हाथ से पिसे मसाले, सौंदर्य प्रसाधन, साबुन, शैम्पू, लेडीज सूट, राखियां, बच्चों के परिधान सहित अनेक घरेलू एवं लाइफस्टाइल उत्पाद शामिल हैं। मुंबई, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, आगरा, लुधियाना सहित देश के विभिन्न शहरों से महिलाएं इस प्रदर्शनी में भाग लेने पहुंची हैं।
मुख्य अतिथि डीसीपी अंशुल सिंगला जैन ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें नए अवसर भी प्रदान करते हैं।
जीतो के अध्यक्ष शैलेश जैन ने बताया कि इस पहल की शुरुआत कोविड-19 महामारी के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए की गई थी। महामारी के दौरान अनेक परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई, जिसके बाद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का विचार सामने आया। इसी सोच के साथ शुरू हुई ‘उड़ान’ अब दूसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और बड़ी संख्या में महिलाएं इससे जुड़कर अपने व्यवसाय को नई पहचान दे रही हैं।
जैन समाज के प्रवक्ता अभय जैन एडवोकेट ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कोविड-19 के बाद आत्मनिर्भरता की दिशा में इस प्रकार के प्रयास समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना न केवल परिवार बल्कि समाज और देश की प्रगति के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
‘उड़ान 2.0’ ट्रेड फेयर महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभर रहा है। यह आयोजन महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और नए व्यापारिक अवसर प्राप्त करने का प्रभावी मंच उपलब्ध करा रहा है।
