दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो) : बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक प्रॉपर्टी डीलर ने अपने ही साथी की गोली मारकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी जगरनाथ शाह उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 62 वर्षीय संतोष कुमार उर्फ मास्टरजी, जो खुद एक प्रॉपर्टी डीलर थे, की हत्या उनके सहयोगी जगरनाथ शाह ने की। संतोष कथित तौर पर जगरनाथ पर एक संपत्ति बेचने का दबाव बना रहे थे, जिससे परेशान होकर जगरनाथ ने उनकी हत्या की साजिश रची।
सुनसान जगह ले जाकर सिर में मारी गोली, फिर शव को जलाया
हत्या की वारदात एक जून की रात को अंजाम दी गई। आरोपी जगरनाथ, जो संतोष का बिजनेस पार्टनर था, उन्हें एक्सयूवी कार में घुमाने के बहाने स्वरूप विहार स्थित दफ्तर से ले गया। दोनों करीब रात आठ बजे मुखमेलपुर-हिरनकी पुश्ता रोड पहुंचे, जहां एक सुनसान जगह पर जगरनाथ ने संतोष के सिर में गोली मार दी। इसके बाद पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसने शव पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस, पेट्रोल की बोतल, और कुछ जले हुए अवशेष बरामद किए हैं। शव आंशिक रूप से जला हुआ था, जिससे पहले मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड से मिला सुराग
पुलिस ने हत्या की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की। इसके बाद पुलिस को जगरनाथ शाह की भूमिका पर शक हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से पहले जगरनाथ को आखिरी बार संतोष के साथ देखा गया था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जगरनाथ को गिरफ्तार किया, जहां उसने जुर्म कबूल कर लिया।
12वीं पास, लंबे समय से कर रहा था प्रॉपर्टी का काम
पुलिस के अनुसार, जगरनाथ शाह उर्फ लाला स्वरूप नगर के डी-ब्लॉक का रहने वाला है और 12वीं पास है। वह पिछले कई वर्षों से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहा था। संतोष के साथ उसका पेशेवर रिश्ता था, लेकिन संपत्ति को लेकर मतभेदों ने उसे हत्यारा बना दिया।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि आरोपी से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, कार और अन्य सबूत बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
