गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): सेक्टर-45 में बच्चों के झगड़े की रंजिश को लेकर 35 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में सेक्टर-40 थाना पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी गुरुग्राम में झुग्गियों में रहकर मजदूरी का काम करते हैं।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 31 अगस्त को सेक्टर-45 में लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने की जानकारी मिली। घटनास्थल का सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम से निरीक्षण कराया गया। इसी दौरान घायल व्यक्ति की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अगस्त को राहुल और आकाश सेक्टर-45 मार्केट के पास उनकी झुग्गी में आए थे और बच्चों के झगड़े को लेकर बहस करने लगे। इस दौरान हुई हाथापाई में आकाश और सुनील को चोट लगी थी।
पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में 31 अगस्त को राहुल और उसके साथी लाठी-डंडे, चाकू व अन्य हथियार लेकर आए और झुग्गी से बाहर खींचकर महिला के पति बाबूलाल (35 वर्ष), निवासी गांव हिनौता, जिला दमोह, मध्यप्रदेश के साथ मारपीट की। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-40 में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 सितंबर को गुरुग्राम से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायण, प्रमोद, रफीफुल आलम उर्फ मुन्ना, रणेश, राहुल, अनिल, बिजू, बालकिशन, राजाराम और रकीबुल उर्फ राकेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी वर्तमान में गांव समसपुर और कन्हई, गुरुग्राम में झुग्गियों में रहते हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 30 अगस्त को आरोपी पक्ष ने शिकायतकर्ता के बच्चे के साथ गाली-गलौज की थी। इसके बाद शिकायतकर्ता पक्ष ने आरोपियों के साथ मारपीट की थी। इसी रंजिश के चलते 31 अगस्त को हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
