भारत ने महिला हॉकी नेशंस कप का खिताब जीता, फाइनल में न्यूजीलैंड को 2-0 से हराया

ऑकलैंड (न्यूजीलैंड),वायरल सच (हि.स.): भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2025-26 के फाइनल में मेजबान न्यूजीलैंड टीम को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है।

रविवार को ऑकलैंड में खेले गए फाइनल में भारत की ओर से नवनीत कौर (4वें मिनट) और सुनेलिता टोप्पो (15वें मिनट) ने गोल किया।

लालरेमसियामी ने फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड जीता, जबकि दीपिका छह गोल के साथ टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं। यह भारतीय महिला टीम का दूसरा नेशंस कप खिताब है। इससे पहले टीम ने 2022 में इस टूर्नामेंट का पहला संस्करण जीता था।

भारतीय महिला टीम अपने पूरे अभियान में अजेय रही। पूल ए के मैचों में अमेरिका (3-2), जापान (2-1) और उरुग्वे (3-2) को हराने के बाद भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में चिली पर 6-0 से शानदार जीत दर्ज की। फिर फाइनल में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

टीम की उपलब्धि को देखते हुए हॉकी इंडिया ने हर खिलाड़ी के लिए 3 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य के लिए 1.5 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की।

रविवार को हुए खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने जोरदार शुरुआत की। नवनीत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और उन्होंने चौथे मिनट में गोल कर भारत को बढ़त दिला दी।

भारतीय टीम ने खेल के दौरान तेजी दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया और अपनी आक्रामक शैली से न्यूजीलैंड के डिफेंस के लिए कई मुश्किलें खड़ी कर दीं। पहले क्वार्टर में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर से उन्होंने अपनी बढ़त को दोगुना कर लिया। दीपिका के तेज शॉट को सुनेलिता टोप्पो ने डिफ्लेक्ट करके 15वें मिनट में भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।

भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे और तीसरे क्वार्टर में शानदार डिफेंस दिखाया, जिससे मेजबान टीम को कोई खास मौका नहीं मिला। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही न्यूजीलैंड को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला। हालांकि, वह इसे भुना नहीं सके। अंत में 2-0 से जीत हासिल कर भारतीय टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles