उम्रकैद के फरार कैदी को डेढ़ माह बाद क्राइम ब्रांच ने पकड़ा, पैरोल पर आया था बाहर

नई दिल्ली,वायरल सच (हि.स.): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने हत्या और लूट के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे फरलो जंपर को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पहचान पहचान नांगलोई निवासी राकेश के रूप में हुई है। राकेश फरलो की अवधि समाप्त होने के बाद जेल प्रशासन के समक्ष सरेंडर करने के बजाय फरार हो गया था। करीब डेढ़ माह से उसकी तलाश की जा रही थी।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त गौरव गुप्ता ने रविवार को बताया कि हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में शामिल रहा राकेश नांगलोई थाने का घोषित बदमाश (बीसी) है। पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच को उसके बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद 20 जून को एएनटीएफ की टीम ने बाहरी जिले के इलाके में विशेष अभियान चलाकर उसे दबोच लिया। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर राकेश दुहन ने किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उम्रकैद की सजा काट रहे राकेश को 30 अप्रैल 2026 को महानिदेशक (कारागार) के आदेश पर दो सप्ताह की फरलो दी गई थी। उसे 15 मई को मंडोली स्थित केंद्रीय जेल नंबर-14 में आत्मसमर्पण करना था लेकिन वह फरार हो गया। जेल अधीक्षक, केंद्रीय जेल नंबर-14 की ओर से एक जून को उसकी गैरहाजिरी की सूचना वायरलेस संदेश के माध्यम से दिल्ली पुलिस को दी गई थी। इसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई।

दिनदहाड़े लूट के दौरान की थी हत्या

पुलिस के मुताबिक, 28 फरवरी 2002 को राकेश ने अपने तीन साथियों के साथ आनंद पर्वत इलाके में मिलिट्री रोड स्थित सत्यनारायण मंदिर के सामने एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये नकद और उसकी सैंट्रो कार दिनदहाड़े लूट ली थी। वारदात के दौरान उसने पीड़ित की गर्दन में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

इस मामले में आनंद पर्वत थाने में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान राकेश को गिरफ्तार किया गया और लंबी सुनवाई के बाद 12 दिसंबर 2012 को तीस हजारी कोर्ट ने उसे दोषी ठहराया। अदालत ने राकेश को आजीवन कारावास और 15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे दोबारा मंडोली स्थित केंद्रीय जेल नंबर-14 भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles