Home Haryana हिसार की शोधार्थी सुनिधि का अमेरिका की मिशिगन टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में चयन,...

हिसार की शोधार्थी सुनिधि का अमेरिका की मिशिगन टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में चयन, मिलेगी 7000 डॉलर की फेलोशिप

0

हिसार, वायरल सच (ब्यूरो): गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजविप्रौवि) के भौतिकी विभाग की शोधार्थी सुनिधि ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनका चयन अमेरिका की प्रतिष्ठित मिशिगन टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में पांच माह के शोध कार्य के लिए हुआ है। इस दौरान उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से 7,000 अमेरिकी डॉलर की फेलोशिप भी प्रदान की जाएगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने सुनिधि, उनके शोध निर्देशक और भौतिकी विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल शोधार्थी के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, बल्कि विश्वविद्यालय के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय शोध अवसर वैश्विक शोध सहयोग, अकादमिक प्रतिष्ठा और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग को नई गति देंगे तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए प्रेरित करेंगे।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और मजबूत अनुसंधान संस्कृति का प्रमाण है। वहीं फैकल्टी ऑफ फिजिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी की डीन प्रो. सुजाता सांघी ने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि विश्वविद्यालय में बुनियादी विज्ञान के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शोध कार्य किया जा रहा है।

भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुंडू ने इसे विभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय अवसर विभाग की अकादमिक पहचान को और मजबूत करेंगे तथा युवा शोधार्थियों को वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे।

शोध पर्यवेक्षक डॉ. हरदेव सैनी ने बताया कि सुनिधि अमेरिका में “Computational Investigation of Optical Properties of Graphene-Based Flakes” विषय पर शोध करेंगी। यह शोध भविष्य में उच्च दक्षता वाले ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, लचीले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों और अगली पीढ़ी की सौर ऊर्जा तकनीकों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version