Home Haryana हिसार में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला बढ़ावा, जीजेयू...

हिसार में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला बढ़ावा, जीजेयू में 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

0

हिसार, वायरल सच (ब्यूरो): गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने वाली प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-5 द्वारा विश्वविद्यालय परिसर स्थित मयूर रंगमंच के सामने आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, बागवानी विभाग के निदेशक प्रो. नीरज दिलबागी, एनएसएस समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक डॉ. रामस्वरूप सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में इस अभियान की शुरुआत 12 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा खेजड़ी का पौधा लगाकर की गई थी। विश्वविद्यालय ने इस वर्ष 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिनमें से अब तक करीब 2 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। वहीं, एनएसएस समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता ने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवक समाज सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और यह अभियान जनभागीदारी को मजबूत करने का संदेश देता है।

कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने पौधारोपण करने के साथ-साथ पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और पर्यावरण संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version