नारनौल, वायरल सच (ब्यूरो) : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि), महेंद्रगढ़ ने भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF) 2025 में देश के 50 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में 15वां स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इसकी बढ़ती साख को दर्शाती है।
कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “यह सफलता हमारे शिक्षकों की प्रतिबद्धता, विद्यार्थियों की मेहनत और सभी हितधारकों के सहयोग की परिणति है। हकेंवि गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा देने के साथ नवाचार, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि “राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग में यह प्रगति विश्वविद्यालय की रणनीतिक शैक्षणिक योजनाओं, उद्योगों से साझेदारी और अनुसंधान उन्नयन की स्पष्ट नीति का परिणाम है। हम भविष्य में और अधिक नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।”
कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने इसे गर्व की बात बताते हुए कहा कि “IIRF 2025 में 15वीं रैंक हकेंवि की उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रमाण आधारित प्रशासनिक कार्यप्रणाली को दर्शाती है। यह रैंकिंग हमें पारदर्शी, प्रभावशाली और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर केंद्रित शिक्षण वातावरण बनाने की प्रेरणा देती है।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और समर्पित कर्मचारियों को देते हुए कहा कि यह सफलता हकेंवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर एक नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
