गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो) : गुरुग्राम और उसके आसपास के लाखों निवासियों को जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने वाली हैं। राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि सिविल लाइंस इलाके में अब 700 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल नहीं, बल्कि 200 बेड का सामान्य अस्पताल बनाया जाएगा। वहीं, द्वारका एक्सप्रेसवे के पास 700 बेड वाला अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किया जाएगा।
क्यों बदली गई सिविल लाइंस की योजना?
पुराने गुरुग्राम में सदर बाजार के पास स्थित जिला नागरिक अस्पताल को चार साल पहले तोड़ दिया गया था और उसकी जगह 1000 करोड़ रुपये की लागत से 700 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बनाने की योजना बनाई गई थी। इसमें हेलीपैड, 50 बेड का आईसीयू और 1000 वाहनों के लिए भूमिगत पार्किंग शामिल थी।
हालांकि, राज्य सरकार द्वारा किए गए ट्रैफिक अध्ययन में सामने आया कि इतनी बड़ी परियोजना से सदर बाजार और सिविल लाइंस इलाके में ट्रैफिक दबाव और अधिक बढ़ जाएगा।
उद्योग, वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सुझाव दिया कि इस क्षेत्र में 200 बेड से अधिक का अस्पताल नहीं बनाया जाना चाहिए। ऐसे में योजना को नए स्थान पर शिफ्ट करने का फैसला लिया गया।
अब कहां बनेगा 700 बेड वाला अस्पताल?
सरकार ने तय किया है कि अब यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बनाया जाएगा। यह स्थान केवल गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि मानेसर, पटौदी, फर्रुखनगर और आसपास के इलाकों के लोगों को भी सुलभ होगा।
यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और HSIIDC (हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम) के पास वहां पर्याप्त खाली भूमि उपलब्ध है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि अस्पताल के लिए जितनी जमीन की जरूरत होगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी।
समय की होगी बचत, योजना पहले से तैयार
राव नरबीर सिंह ने बताया कि चूंकि अस्पताल की डिजाइन और योजना पहले ही तैयार है, इसलिए अब सिर्फ लोकेशन बदलने से ही काम आगे बढ़ सकेगा, जिससे निर्माण में देरी नहीं होगी। सिविल लाइंस की नई 200 बेड की योजना को अलग से तैयार किया जाएगा।
क्यों ज़रूरी है यह फैसला?
गुरुग्राम का शहरी विस्तार लगातार बढ़ता जा रहा है। लाखों लोगों की आबादी के बावजूद शहर में सीमित सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार का मानना है कि अब गुरुग्राम जैसे शहर में कम से कम 4 सरकारी अस्पताल होना अनिवार्य है।
इसी सोच के तहत:
- सिविल लाइंस में 200 बेड का अस्पताल
- द्वारका एक्सप्रेसवे के पास 700 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
- और सेक्टर-67 में एक अन्य सरकारी अस्पताल की योजना बनाई जा रही है।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
