Gurugram NBRC में हिंदी पखवाड़ा
गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): मानेसर स्थित विश्व विख्यात नेशनल ब्रेन रिसर्च सेंटर (एनबीआरसी) में हिंदी पखवाड़े के तहत हिंदी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के हिंदी भाषी वर्ग में डॉ. रमन महतानी और अहिंदी भाषी वर्ग में मोहम्मद इरशाद आलम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
यह प्रतियोगिता एनबीआरसी के मानक हिंदी अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई। हिंदी भाषी और अहिंदी भाषी दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने धाराप्रवाह हिंदी में भाषण प्रस्तुत किए।
डॉ. रमन महतानी और इरशाद आलम रहे प्रथम
हिंदी भाषी वर्ग में डॉ. रमन महतानी प्रथम, मिथिलेश सिंह द्वितीय और संजय गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे।
अहिंदी भाषी वर्ग में मोहम्मद इरशाद आलम ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि स्वर्णली पांडा दूसरे और सुमित सिन्हा तीसरे स्थान पर रहे।
भाषण प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका वरिष्ठ पत्रकार अमित नेहरा और पवन कुमार ने निभाई। अमित नेहरा ने इस दौरान हिंदी भाषा को लेकर प्रेरणादायक विचार भी रखे।
एनबीआरसी निदेशक ने बताया हिंदी का महत्व
कार्यक्रम में एनबीआरसी के निदेशक डॉ. सागर सेन गुप्ता ने राष्ट्रभाषा हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि हिंदी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बोली और समझी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से व्यक्तित्व का विकास होता है। डॉ. गुप्ता ने सभी भाषाओं के सम्मान की बात भी कही।
प्रतियोगिता को लेकर एनबीआरसी के स्टाफ, शोधकर्ताओं और छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हिंदी पखवाड़े से राष्ट्रीय एकता को मजबूती
एनबीआरसी के मानक हिंदी अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने कहा कि संस्थान में हर साल हिंदी पखवाड़े का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूती मिलती है।
अमित नेहरा ने एनबीआरसी में हिंदी के प्रति जुनून को सराहा
एनसीआर मीडिया क्लब के प्रधान एवं वरिष्ठ पत्रकार अमित नेहरा ने कहा कि एनबीआरसी अंतरराष्ट्रीय स्तर का संस्थान है और यहां के स्टाफ व छात्रों में हिंदी के प्रति दिखाई देने वाला उत्साह प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि संस्थान में छात्र, शोधकर्ता और कर्मचारी देश के अलग-अलग हिस्सों से आते हैं। ऐसे में हिंदी उन्हें आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में जितेंद्र अहलावत, पूजा गौसांई, अमरजीत, ध्रुवा, अद्रित विश्वास, रेशमा खातून, अतुल तिवारी, केशव और ईशानी, अतिथि त्रिपाठी समेत एनबीआरसी के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
