गुरु रविदास ने समाज को दिया समानता, मानवता, सद्भावना व करुणा का संदेश: कृष्णपाल गुर्जर

पलवल, वायरल सच (ब्यूरो) : केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचार और उनके मार्गदर्शन का महत्व आज भी हमारे जीवन में अत्यंत प्रासंगिक है। गुरु रविदास ने सदियों पहले समाज को समानता, मानवता, सद्भावना और करुणा का जो संदेश दिया था, वह आज भी हर युग के लिए प्रेरणा स्रोत है।

सोमवार को जिला के गांव करीमपुर में संत गुरु रविदास कल्याण समिति द्वारा आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती एवं भंडारा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु रविदास जी 15वीं सदी के महान समाज सुधारक, कवि, दार्शनिक और आध्यात्मिक विभूति थे। उन्होंने न केवल आध्यात्मिक ज्ञान दिया बल्कि सामाजिक कुरीतियों को भी दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि गुरु रविदास जी का प्रसिद्ध कथन ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ आज भी हमारे लिए एक गहन शिक्षा है। इसका अर्थ है कि बाहरी पवित्रता से अधिक आंतरिक शुद्धता जरूरी है। यदि हमारा मन और हृदय शुद्ध हो, तो हम हर परिस्थिति में पवित्र और उच्च बन सकते हैं। यह विचार हमें अपने अंदर की अच्छाई को पहचानने और उसे विकसित करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का गांव के ग्रामीणों ने पगड़ी और फूल माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने संत रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनकी जयंती के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन सदाचार, सादगी और कर्मयोग का उदाहरण है, जिसे हमें अपनाना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि आज के समय में भी संत रविदास जी के बताए रास्ते पर चलना अत्यंत आवश्यक है। उनके द्वारा दिए गए समानता, भाईचारे और प्रेम के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे मिलजुलकर समाज में सौहार्द्र और भाईचारे को बढ़ावा दें, जिससे देश की प्रगति हो सके।

इस अवसर पर कृष्णपाल गुर्जर ने संत रविदास भवन के निर्माण के लिए समिति को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिससे स्थानीय स्तर पर सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने इस प्रकार के सामाजिक आयोजन जारी रखने और युवाओं को सामाजिक चेतना देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में होडल विधायक हरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक दीपक मंगला, वीरेंद्र बैंसला, संतराज, ब्लॉक चेयरमैन अजीत, सरपंच पवन जाखड़, महेंद्र भड़ाना, गयालाल, यशपाल, हरेंद्र पाल राणा, राजबीर, भंबल, राजकुमार, मुकेश सहित आसपास के गांवों के कई पंच-सरपंच और समिति के पदाधिकारी मौजूद थे। सभी ने गुरु रविदास के आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता जताई।

अंत में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि संत रविदास के दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक न्यायपूर्ण, सहिष्णु और समृद्ध समाज का निर्माण कर सकते हैं। यही गुरु रविदास जी का सबसे बड़ा उपहार है, जो हम सभी के लिए आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उनके समय में था।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles