नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, तीन युवक गिरफ्तार

फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो) : नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नशा मुक्त अभियान के तहत एएनसी टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशे का जखीरा बरामद किया है। टीम ने 45 किलो 330 ग्राम डोडा पोस्त के साथ तीन तस्करों को दबोचा है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। शहर फतेहाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रा ने गुरूवार को बताया कि सहायक उप निरीक्षक मेजर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शहर में गश्त पर थी। इस दौरान टीम आजाद नगर क्षेत्र में पहुंची, जहां एक खाली प्लॉट में खड़ी डस्टर कार संदिग्ध दिखाई दी।

पुलिस टीम को देखकर कार चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए टीम ने उसे घेरकर काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान पंकज कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी रतिया चुंगी, गुरुनानकपुरा मोहल्ला, फतेहाबाद के रूप में बताई। कार की तलाशी लेने पर उसमें तीन कट्टे बरामद हुए, जिनमें कुल 45 किलो 330 ग्राम डोडा पोस्त पाया गया। बरामद नशे की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपित पंकज ने खुलासा किया कि वे तस्करी के दौरान एक अन्य वाहन को पायलट के रूप में आगे भेजते थे, जो रास्ते में पुलिस नाकाबंदी या किसी चेकिंग की जानकारी देता था। आरोपित आपस में व्हाट्सएप कॉल और मैसेजिंग के माध्यम से संपर्क में रहते थे। आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पंकज की निशानदेही पर दो अन्य तस्करों कुलदीप सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी महमड़ा तथा सज्जन कुमार पुत्र हरपाल सिंह उर्फ भाल सिंह निवासी दौलतपुर को भी गिरफ्तार कर लिया।

इनके कब्जे से ‘पायलटिंग’ के लिए इस्तेमाल की जा रही सैंट्रो कार भी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपिताें को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से तस्करी के पूरे नेटवर्क, स्रोत और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से नशा तस्करी की एक बड़ी कड़ी का भंडाफोड़ हुआ है।

हमें फ़ॉलो करें

फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

अधिक जानकारी के लिए फ़ॉलो करें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles