Home Delhi NCR ई-रिक्शा रोकने वाली ऐप्स पर केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन, ऐप स्टोर...

ई-रिक्शा रोकने वाली ऐप्स पर केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन, ऐप स्टोर से हटाईं गईं

0

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा को दूर से रोकने वाली मोबाइल ऐप्स के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उन्हें ऐप स्टोर से हटवा दिया है। सरकार ने संबंधित ऐप स्टोर संचालकों को भविष्य में इस तरह के नुकसानदायक ऐप्स उपलब्ध न कराने के लिए भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार सरकार ने BAT-BMS, LOSIGY और Epoch I-EON जैसी ऐप्स को हटाने का आदेश दिया है। इन ऐप्स का कथित रूप से बैटरी से संचालित वाहनों, विशेषकर ई-रिक्शा, को दूर से निष्क्रिय (Remote Disable) करने के लिए दुरुपयोग किया जा रहा था। सरकार ने संकेत दिए हैं कि यदि इसी प्रकार के अन्य ऐप्स भी सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लॉक किया जाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णनन ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा को रोकने वाली कुछ ऐप्स सरकार के संज्ञान में आई थीं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से ऐप स्टोर से हटवा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे को ऐप स्टोर संचालकों के साथ विस्तार से उठाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हानिकारक और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले ऐप्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध न हो सकें।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें चलते हुए ई-रिक्शा को मोबाइल ऐप के जरिए अचानक रोकते हुए दिखाया गया था। दावा किया जा रहा था कि ब्लूटूथ आधारित बैटरी सिस्टम को चीनी ऐप के माध्यम से नियंत्रित कर वाहन को निष्क्रिय किया जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।

सरकार का यह कदम ई-रिक्शा चालकों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बैटरी आधारित वाहनों के डिजिटल दुरुपयोग पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version