एसटीएफ के जांच अधिकारी संदीप कुमार के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि उटावड़ थाना क्षेत्र के मलाई गांव के पास एक बदमाश मादक पदार्थ और अवैध हथियारों के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धन सिंह उर्फ काजू, निवासी ग्राहम पट्टी, होडल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 277 ग्राम हेरोइन, 12 ग्राम एमडीएमए, मेड इन चाइना पिस्टल, दो मैगजीन तथा छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जनवरी 2025 में शहर थाना पलवल में दर्ज एक मामले में फरार होने के कारण उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
उटावड़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ और अवैध हथियार कहां से लाए गए थे तथा इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की जांच जारी है।
