यमुनानगर, वायरल सच (ब्यूरो): यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में 96 ग्राम हेरोइन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई प्रतापनगर अनाज मंडी क्षेत्र में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली। उसके कब्जे से 36 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान प्रतापनगर निवासी सलमान के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट का एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
दूसरी कार्रवाई कलानौर सीमा पर नाकाबंदी के दौरान की गई। उत्तर प्रदेश की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दोनों के कब्जे से 30-30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान यमुनानगर निवासी अर्शदीप और नावेद के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अर्शदीप के खिलाफ 16 तथा नावेद के खिलाफ 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को पूर्व में भी नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाएगी कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच कर पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

