Home India डायमंड लीग 2026: डेब्यू में चमके सर्वेश कुशारे, मोनाको में जीता कांस्य...

डायमंड लीग 2026: डेब्यू में चमके सर्वेश कुशारे, मोनाको में जीता कांस्य पदक

0

मोनाको, वायरल सच (ब्यूरो): भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग 2026 में अपने डेब्यू मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने 2.26 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक यूक्रेन के ओलेह डोरोशचुक ने 2.32 मीटर की छलांग के साथ जीता, जबकि ग्रेट ब्रिटेन के किमानी जैक ने 2.30 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक हासिल किया।

हालांकि सर्वेश अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड 2.31 मीटर की बराबरी नहीं कर सके। उन्होंने यह रिकॉर्ड हाल ही में भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था, जहां उन्होंने तेजस्विन शंकर के 2.29 मीटर के पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था।

डायमंड लीग से पहले सर्वेश कुशारे और किमानी जैक दोनों का इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2.31 मीटर था, जो प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से सबसे बेहतर था।

इस मुकाबले में टोक्यो ओलंपिक के संयुक्त स्वर्ण पदक विजेता जियानमार्को ताम्बेरी और मुताज बरशीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। ताम्बेरी 2.23 मीटर की छलांग के साथ संयुक्त छठे स्थान पर रहे, जबकि बरशीम 2.20 मीटर के प्रयास के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर रहे।

सर्वेश कुशारे का यह कांस्य पदक भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनके इस प्रदर्शन से आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले भारतीय उम्मीदों और उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती मिली है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version