नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो) : राजधानी दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज टीम ने एक शातिर ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 54,000 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड (Treken-100) टैबलेट्स बरामद की हैं। जिनकी कीमत करीब 32 लाख बताई जा रही है। ये टैबलेट्स नशीले और प्रतिबंधित दवाओं की श्रेणी में आती हैं।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मदनपुर खादर इलाके में नशीली दवाओं की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मेहक अपार्टमेंट, मादनपुर खादर एक्सटेंशन-I, सरिता विहार के पास जाल बिछाया। शाम करीब 6:30 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। जिसकी पहचान मादनपुर खादर निवासी मोहम्मद अबिद (50) के रूप में हुई।
कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर अबिद के पास से एक बड़े कार्टन बैग में छिपाई गई 54,000 ट्रामाडोल टैबलेट्स बरामद हुईं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपित अबिद ने खुलासा किया कि उसका साला मोहम्मद जावेद खान भी इस धंधे में शामिल है और वह ही दवाओं की सप्लाई करता था। पुलिस ने 8 से 10 अक्टूबर के बीच जसोला विहार और जोहरी फार्म, जामिया नगर में कई जगह छापेमारी की, लेकिन जावेद पुलिस के हाथ नहीं लगा। अबिद के मोबाइल की डिजिटल जांच में भी यह सामने आया कि जावेद ने उसे व्हाट्सऐप पर नशीली दवाओं की तस्वीरें भेजी थीं। जिन्हें बेचने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में पता चला है कि मोहम्मद अबिद दसवीं तक पढ़ा हुआ है। वह पहले पशु आहार का छोटा कारोबार करता था। लेकिन जल्दी पैसे कमाने की लालच में उसने नशे की दवाओं की अवैध सप्लाई का रास्ता पकड़ लिया।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz
