Home Delhi NCR दिल्ली-रेवाड़ी ई-बस सेवा शुरू, 50 नई इलेक्ट्रिक बसों को मिली हरी झंडी;...

दिल्ली-रेवाड़ी ई-बस सेवा शुरू, 50 नई इलेक्ट्रिक बसों को मिली हरी झंडी; तेहखंड में ATS का उद्घाटन

0

नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को डीटीसी के तेहखंड डिपो में स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र (ATS) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही हसनपुर और गाजीपुर डिपो में सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डीटीसी के बेड़े में शामिल की गई 50 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा दिल्ली से रेवाड़ी के बीच शून्य-उत्सर्जन अंतरराज्यीय ई-बस सेवा की भी शुरुआत की गई। कार्यक्रम में दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी मौजूद रहे। इस दौरान डीटीसी की कॉफी टेबल बुक का भी अनावरण किया गया।

सुरक्षा और स्मार्ट कनेक्टिविटी पर जोर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सुरक्षा, स्थिरता, निर्बाध कनेक्टिविटी और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार काम करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

नई इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार का लक्ष्य बस नेटवर्क का विस्तार कर दिल्ली के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क को बेहतर बनाना है।

दिल्ली-रेवाड़ी के बीच शुरू हुई ई-बस सेवा

हरित अंतरराज्यीय परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली-रेवाड़ी शून्य-उत्सर्जन ई-बस सेवा शुरू की गई है। यह बस सेवा धौला कुआं से गुरुग्राम, मानेसर और धारूहेड़ा होते हुए रेवाड़ी तक चलेगी।

धौला कुआं से रेवाड़ी तक करीब 86 किलोमीटर की यात्रा का किराया 153 रुपये निर्धारित किया गया है। धौला कुआं से बसें सुबह 6:05 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी। वहीं, रेवाड़ी से धौला कुआं के लिए सेवा सुबह 9:35 बजे से रात 9:25 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

तेहखंड में 72 हजार वाहनों की सालाना फिटनेस जांच

मुख्यमंत्री ने डीटीसी तेहखंड डिपो में दिल्ली के दूसरे स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इससे पहले नंद नगरी डिपो में भी एटीएस शुरू किया जा चुका है।

चार लेन वाले इस स्वचालित परीक्षण केंद्र में भारी मोटर वाहनों के लिए दो लेन, हल्के मोटर वाहनों के लिए एक लेन और दोपहिया वाहनों के लिए एक लेन होगी। इसकी सालाना क्षमता करीब 72,000 वाहनों की फिटनेस जांच करने की है।

पूरी प्रक्रिया स्वचालित होने के कारण मानवीय हस्तक्षेप कम होगा। इससे वाहन फिटनेस परीक्षण में पारदर्शिता, सटीकता और वैज्ञानिकता बढ़ने की उम्मीद है।

हसनपुर और गाजीपुर में EV चार्जिंग स्टेशन

दिल्ली सरकार ने हसनपुर और गाजीपुर डिपो में सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशनों की शुरुआत भी की। दोनों डिपो आनंद विहार बस अड्डे के नजदीक स्थित हैं।

प्रत्येक चार्जिंग स्टेशन पर 240 किलोवाट क्षमता के चार ईवी चार्जर लगाए गए हैं। इनसे भारी वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक कारों को भी चार्ज किया जा सकेगा। चार्जिंग सिस्टम को 1600 केवीए कॉम्पैक्ट सबस्टेशन का सपोर्ट दिया गया है।

डीटीसी बेड़े में बढ़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 50 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने के बाद डीटीसी का बस बेड़ा करीब 6,840 बसों का हो जाएगा, जिसमें लगभग 5,100 इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिल्लीवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही डीटीसी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और कर्मचारियों की वैध मांगों के समाधान की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version