नई दिल्ली, वायरल सच (ब्यूरो): दिल्ली सरकार की ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को लॉन्च होने के महज सात दिनों में जबरदस्त जनसमर्थन मिला है। योजना के तहत अब तक 5,14,460 महिलाओं ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, जबकि 2,18,728 आवेदन अंतिम रूप से जमा किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि इतने कम समय में इतने बड़े पैमाने पर पंजीकरण होना योजना के प्रति महिलाओं के विश्वास और दिल्ली सरकार की महिला आर्थिक सशक्तीकरण की पहल को मिल रही व्यापक स्वीकृति को दर्शाता है।
कुल पंजीकृत लाभार्थियों में से 4,36,316 महिलाओं ने अपना जिला और विधानसभा क्षेत्र दर्ज कर दिया है, जबकि 78,144 लाभार्थियों ने अभी यह जानकारी दर्ज नहीं कराई है।
जिलावार आंकड़ों में उत्तर-पूर्वी जिला सबसे आगे है, जहां 73,676 पंजीकृत उपयोगकर्ताओं ने जिला दर्ज किया है और इनमें से 38,579 आवेदन अंतिम रूप से जमा हो चुके हैं। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी जिले में 55,700 में से 34,545, पश्चिमी जिले में 44,358 में से 18,967 और दक्षिण-पश्चिमी जिले में 44,149 में से 23,994 आवेदन अंतिम रूप से जमा हुए हैं।
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। लाभार्थियों को दो वित्तीय विकल्प दिए गए हैं। पहले विकल्प में 1,000 रुपये सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में दैनिक जरूरतों के लिए और 1,500 रुपये आरडी व एफडी में जमा किए जाएंगे। दूसरे विकल्प में पूरी 2,500 रुपये की राशि आरडी और एफडी में जमा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी व्यवस्था के तहत संचालित किया जा रहा है। आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, पात्रता जांच, अनुमोदन, पीएफएमएस एकीकरण, बैंकिंग सेवाओं और भुगतान की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा रही है। प्रत्येक आवेदन चार-स्तरीय जांच और अनुमोदन प्रक्रिया से गुजरेगा।
सरकार का लक्ष्य दिल्ली लक्ष्मी योजना की पहली किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर पात्र लाभार्थी महिलाओं के खातों में जारी करना है।
