फतेहाबाद, वायरल सच (ब्यूरो): फतेहाबाद पुलिस ने शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में एक मकान पर छापेमारी कर हेरोइन के अवैध सेवन और खरीद-बिक्री के ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला और 15 युवकों सहित कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि नशा बेचने में संलिप्त एक नाबालिग को किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई में लिया गया।
थाना शहर फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुनानकपुरा स्थित एक मकान के ऊपरी कमरे में एक नाबालिग युवकों को हेरोइन उपलब्ध कराकर सामूहिक रूप से नशा करवा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।
रेड के दौरान कमरे में 15 युवक, एक महिला और एक नाबालिग हेरोइन का सेवन करते मिले। पुलिस को मौके से 5.64 ग्राम हेरोइन, 25 लाइटर, 18 सिल्वर फॉयल पन्नियां तथा करेंसी नोटों से बनाई गई 15 पाइपें बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आपस में पैसे इकट्ठे कर नाबालिग से हेरोइन खरीदते थे और वहीं बैठकर उसका सेवन करते थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नाबालिग से उसके परिजनों की मौजूदगी में पूछताछ की जा रही है और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
एसएचओ ने बताया कि पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि नाबालिग तक हेरोइन की सप्लाई कहां से हो रही थी, ताकि मुख्य नशा तस्करों तक पहुंचकर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सके।
