सोनीपत, वायरल सच (ब्यूरो): संयुक्त किसान मोर्चा की जिला कमेटी ने अखिल भारतीय समिति के आह्वान पर भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में बुधवार को सोनीपत में प्रदर्शन किया। किसानों ने छोटूराम धर्मशाला में सभा आयोजित करने के बाद जुलूस निकाला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले फूंके तथा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।
सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ सदस्य कामरेड श्रद्धानंद सोलंकी ने की, जबकि संचालन कॉमरेड ईश्वर सिंह राठी ने किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौता लागू होने की स्थिति में किसानों, विशेषकर अनाज, दाल और डेयरी क्षेत्र से जुड़े उत्पादकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका कहना था कि इससे आम जनता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका है।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बड़े उद्योगपतियों और अमेरिकी दबाव में यह समझौता करने की दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे फैसलों से रोजगार की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
संयुक्त किसान मोर्चा ने बताया कि 28 जुलाई को दिल्ली में संगठन का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इसके बाद 29 जुलाई को तालकटोरा स्टेडियम में संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय ट्रेड यूनियनों का संयुक्त सम्मेलन होगा, जिसमें किसान और मजदूर संगठनों की आगामी रणनीति तय की जाएगी।
प्रदर्शन में हंसराज राणा, जयकरण दहिया, रामनिवास राणा, भगत सिंह, वजीर सिंह, इंदर सिंह, बलबीर सिंह, सिलकराम मलिक, हरि प्रकाश, ब्रह्म सिंह दहिया, कपिल देव अधिवक्ता, डॉ. सतपाल रांगी, दलबीर सिंह, बलबीर सैनी, जगबीर दहिया, जय भगवान, सुरेंद्र सिंह, भारत, मुख्तार खान और जगबीर राणा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
