हिसार, वायरल सच (ब्यूरो): लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी वैज्ञानिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है। कोलकाता के आईटीसी रॉयल बंगाल में आयोजित पांचवीं भारतीय पशु त्वचा विज्ञान कांग्रेस में विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नीलेश सिंधु को पशु त्वचा विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय वैज्ञानिक योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने कुलपति कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान डॉ. नीलेश सिंधु को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंधु के शोध एवं वैज्ञानिक कार्यों से पशु चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में लुवास की पहचान और अधिक सशक्त हुई है।
एसोसिएशन फॉर वेटरनरी डर्मेटोलॉजी, इंडिया (एवीडी) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में देश-विदेश के अनेक विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों ने भाग लिया। सम्मेलन के वैज्ञानिक सत्रों में जज एवं चेयरपर्सन के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं देने तथा आयोजन को सफल बनाने में योगदान के लिए डॉ. नीलेश सिंधु को ‘प्रशंसा प्रमाण पत्र’ एवं ‘प्रशंसा सम्मान’ से नवाजा गया। उन्होंने सम्मेलन के महत्वपूर्ण ‘पैटस्टार मैनकाइंड एवं प्रैक्टिशनर सत्र’ में चेयरमैन के रूप में भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर लुवास विश्वविद्यालय को भी एक महत्वपूर्ण संस्थागत उपलब्धि हासिल हुई। पशु त्वचा विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन देने, शोध संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालय को ‘संस्थागत प्रशस्ति प्रमाण पत्र’ से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राजेश खुराना तथा विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञान सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. नीलेश सिंधु को इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे विश्वविद्यालय की एक बड़ी उपलब्धि बताया।