कैथल, वायरल सच (ब्यूरो): हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 14 लोगों से 4 लाख 57 हजार 450 रुपये की ठगी करने के मामले में कैथल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव जाखौली निवासी संजू कुमार के रूप में हुई है। आरोपी पहले से ही एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में कैथल जेल में बंद था, जिसे पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।
बड़े अधिकारियों से पहचान होने का किया दावा
पुलिस के अनुसार नंदकरण माजरा निवासी नरेश कुमार ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2018 में राजौंद अस्पताल में नौकरी के दौरान उसकी पहचान संजू कुमार से हुई थी। संजू ने बड़े अधिकारियों से अपनी पहचान होने का दावा करते हुए नरेश के रिश्तेदारों को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।
शिकायत के मुताबिक 27 दिसंबर 2025 को संजू ने नरेश से संपर्क किया और प्रत्येक उम्मीदवार के लिए 31,675 रुपये की मांग की। आरोपी की बातों पर विश्वास कर नरेश ने अपने 14 रिश्तेदारों की नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग तारीखों में गूगल-पे के माध्यम से आरोपी के खाते में कुल 4,57,450 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेजे
पुलिस के अनुसार आरोपी ने सभी उम्मीदवारों की 7 जनवरी 2026 को नौकरी लगने का दावा किया। इसी दिन उसने नरेश के व्हाट्सऐप पर ज्वाइनिंग लेटर भी भेजे। जांच के दौरान ये ज्वाइनिंग लेटर फर्जी पाए गए।
इसके बाद किसी भी उम्मीदवार की नौकरी नहीं लगी और आरोपी ने रकम भी वापस नहीं की। शिकायतकर्ता के पैसे वापस मांगने पर आरोपी द्वारा कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई।
प्रोडक्शन वारंट पर हुई गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच आर्थिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एसआई बिजेंद्र सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से ही एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में कैथल जेल में बंद था। अदालत के आदेश पर उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मामले में पूछताछ की गई।
पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी संजू कुमार को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

