अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ यमुनानगर, विभिन्न संस्थानों में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

यमुनानगर, वायरल सच (हि.स.): 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यमुनानगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का प्रभावी माध्यम बताया।

प्रशासनिक, न्यायिक, सामाजिक और सुधारात्मक संस्थानों में हुए आयोजनों के माध्यम से योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित किया गया। छछरौली अनाज मंडी में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में एसडीएम जसपाल सिंह गिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के सदस्य मुकेश गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संबोधन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सुना।

वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एडीआर सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजना अग्रवाल ने कहा कि निरोगी जीवन ही वास्तविक संपदा है और योग इसके लिए सबसे सरल एवं प्रभावी साधनों में से एक है। आयुष विभाग के प्रशिक्षकों द्वारा अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और उपस्थित नागरिकों को योगाभ्यास करवाया गया। जिला जेल में आयुष विभाग तथा आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष योग शिविर में लगभग 800 बंदियों और जेल कर्मचारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि योग मानसिक तनाव को कम करने, आत्मनियंत्रण बढ़ाने और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

बाल कल्याण समिति की ओर से बाल कुंज छछरौली में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को योग के महत्व से अवगत कराया गया। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता और शारीरिक दक्षता बढ़ाने में सहायक होता है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot Topics

Related Articles