गुरुग्राम, वायरल सच (ब्यूरो): जिला गुरुग्राम में 19 जुलाई को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सीएपीएफ परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर शनिवार को लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार ने की। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ सुमित कुमार ने कहा कि UPSC की परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील होती है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ करें तथा आयोग द्वारा निर्धारित सभी नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर UPSC CAPF परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। परीक्षा में कुल 1,091 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सीईओ ने सभी अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या का समाधान पहले ही कर लिया जाए ताकि परीक्षा संचालन के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
