Home Gurugram गुरुग्राम: पार्किंग में सो रही घरेलू सहायिका को थार ने कुचला, मौत,...

गुरुग्राम: पार्किंग में सो रही घरेलू सहायिका को थार ने कुचला, मौत, CCTV जांच में जुटी पुलिस

0

गुरुग्राम, 15 जुलाई। गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसे में पार्किंग में सो रही 57 वर्षीय घरेलू सहायिका की थार गाड़ी से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के महोबा निवासी 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है। वह सोसाइटी के फ्लैट नंबर-4011 में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं। काम खत्म करने के बाद वह ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में सो रही थीं।

इसी दौरान सोसाइटी में रहने वाली एक महिला अपनी थार गाड़ी को बैक कर रही थी। गाड़ी पार्किंग में सो रही गुड्डी के ऊपर से गुजर गई। हादसे का पता चलते ही चालक महिला उन्हें अपनी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद चालक महिला शव को वापस उसी पार्किंग स्थल पर छोड़ गई, जहां हादसा हुआ था। सूचना मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version