दोपहर करीब 1:45 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और गुरुग्राम पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटना की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
राहत की बात यह रही कि किंगडम ऑफ ड्रीम्स पहले से बंद पड़ा था, इसलिए इस हादसे में किसी के हताहत होने या अंदर फंसे होने की सूचना नहीं मिली है।
फायर विभाग के अनुसार, इमारत के अंदर बड़ी मात्रा में लकड़ी, कपड़ा, कबाड़ और पुराने शो का ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या इमारत में घुसे लोगों द्वारा सिगरेट अथवा कचरा जलाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
गौरतलब है कि किंगडम ऑफ ड्रीम्स का निर्माण वर्ष 2010 में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से छह एकड़ क्षेत्र में किया गया था। यह देश का पहला लाइव एंटरटेनमेंट, थिएटर और लीजर डेस्टिनेशन था, जहां भारतीय संस्कृति, कला, संगीत और व्यंजनों को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत किया जाता था। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान इसके ब्रांड एंबेसडर भी रह चुके हैं।
वित्तीय विवादों और कानूनी अड़चनों के चलते यह परिसर पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है। बंद होने के बाद इमारत जर्जर होती चली गई और अंदर रखा सामान भी असुरक्षित स्थिति में पड़ा रहा।
यह पहली बार नहीं है जब किंगडम ऑफ ड्रीम्स में आग लगी हो। इससे पहले 26 जुलाई 2023 और 12 मार्च 2025 को भी यहां आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
फिलहाल फायर विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन करेगा।
