सोनीपत, वायरल सच (ब्यूरो) : बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदु राज भालू ने पानीपत के एक पेट्रोल पंप पर रोडवेज कंडक्टर से हुई मारपीट की घटना को शर्मनाक और सत्ता के घमंड का प्रतीक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप संचालिका ने महिला यात्री और कंडक्टर से अभद्र व्यवहार किया तथा बाद में कंडक्टर को पंप पर बुलाकर लात घूंसों से पीटा गया। शनिवार काे पत्रकाराें से बातचीत में विधायक ने बताया कि रोडवेज बस इसलिए रुकी थी क्योंकि एक महिला यात्री ने अपने छोटे बच्चे के वॉशरूम उपयोग का आग्रह किया था।
यह सामान्य सुविधा है, फिर भी पंप संचालिका और अन्य लोगों ने ड्राइवर व कंडक्टर से बदसलूकी की। भालू ने कहा कि घटना के बाद ड्राइवर की फोटो अधिकारियों को भेजी गई और फिर अधिकारियों ने दोनों कर्मचारियों पर माफी मांगने का दबाव बनाया। भालू ने कहा कि राजनीतिक संरक्षण के कारण कंडक्टर पर गलत आरोप लगाए गए और अधिकारी भी कर्मचारी का साथ देने के बजाय पंप संचालिका के समर्थन में खड़े दिखाई दिए। उन्होंने सोनीपत रोडवेज जीएम पर भी पक्षपात के आरोप लगाए और कहा कि जो अधिकारी अपने कर्मचारियों की सुरक्षा नहीं कर सकता, वह पद पर बने रहने का हकदार नहीं है। विधायक के अनुसार मारपीट के साक्ष्य प्रत्यक्ष रूप से मौजूद हैं, इसके बावजूद पंप संचालिका ने बचाव में एससी-एसटी कानून का गलत इस्तेमाल किया है।
उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष को फंसाने के लिए कानून को ढाल बनाना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। घटना के विरोध में गोहाना डिपो के कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर चले गए हैं। रोडवेज कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक पंप संचालिका कंडक्टर और ड्राइवर से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगती, आंदोलन तेज किया जाएगा। विधायक ने घोषणा की कि कांग्रेस इस आंदोलन को पूरा समर्थन देगी। भालू ने कहा कि कर्मचारी रोज़ हजारों यात्रियों को सेवा देते हैं और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली कोई भी कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हमें फ़ॉलो करें
फेसबुक – https://www.facebook.com/viralsachnewz
यूट्यूब – https://www.youtube.com/@viralsachnewz
इंस्टाग्राम – https://www.instagram.com/viralsachnewz/
ट्विटर – https://x.com/viralsachnewz

